oplus_136314880
गहमर स्टेशन पर 12141/42 एक्सप्रेस के ठहराव को रेलमंत्री की मंजूरी, 6 अक्टूबर को होगा शुभारंभ
गाजीपुर। जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गाजीपुर की रेल सुविधाओं से जुड़ी उनकी मांगों को लेकर सांसद नालंदा कौशलेन्द्र कुमार ने गंभीरता दिखाते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत मुलाकात कर मांगों को उनके समक्ष रखा। सांसद ने उनके पत्र पर अपना कवरिंग लेटर लगाकर रेल मंत्री के समक्ष गाजीपुर की जनता की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा।
विनीत कुमार तिवारी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा सांसद कौशलेन्द्र कुमार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व में दिलदारनगर जंक्शन पर जियारत एक्सप्रेस के ठहराव और इसके बाद सुहेलदेव एक्सप्रेस का रूट परिवर्तन कर यात्रियों को राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि उनकी तीसरी प्रमुख मांग पाटलिपुत्र से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 12141/12142 का गहमर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने की थी। इस मांग को भी रेल मंत्री की स्वीकृति मिल गई है। ट्रेन का गहमर स्टेशन पर ठहराव 6 अक्टूबर 2026 से सुनिश्चित किया गया है। इस अवसर पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए सांसद नालंदा कौशलेन्द्र कुमार के आगमन की भी बात कही गई।
विनीत कुमार तिवारी ने कहा कि गहमर स्टेशन पर पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का ठहराव मां कामाख्या के चरणों में समर्पित है। इससे एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर, सैनिकों की धरती तथा आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विंध्य एक्सप्रेसवे को लेकर किसानों की मांग का समर्थन
प्रेस वार्ता के दौरान विनीत कुमार तिवारी ने विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर जमानियां विधानसभा क्षेत्र के गांवों के अन्नदाताओं की मांगों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड किसानों की मांगों के साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी में आयोजित होने वाले प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा, बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार तथा उत्तर प्रदेश के प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार के समक्ष किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा।
विनीत कुमार तिवारी ने कहा कि पार्टी अन्नदाताओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी और किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव नौशाद खान, जिला महासचिव सुनील सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, मनीष पटवा, दीपक पटवा और जब्बार राइनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




























