Oplus_16908288
जमानियां। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राष्ट्रीय परिवर्तन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव का बुधवार को गाजीपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। करंडा की ओर से आते समय धरम्मरपुर गंगा सेतु पर युवा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
स्वागत से उत्साहित डीपी यादव दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ रघुनाथपुर गांव में आयोजित दस दिवसीय महायज्ञ में शामिल होने के लिए रवाना हुए। रास्ते में विभिन्न प्रमुख मोड़ों और चौराहों पर भी समर्थकों एवं ग्रामीणों ने उन्हें रोककर स्वागत किया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए डीपी यादव ने गाजीपुर को वीरों की धरती बताते हुए जनपद से अपने गहरे जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के वीर जवान आज भी देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। ऐसे वीर जवानों के प्रति उनके मन में हमेशा सम्मान का भाव रहता है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं होता है तो राष्ट्रीय परिवर्तन दल प्रदेश की 100 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। जमानियां विधानसभा सीट के सवाल पर उन्होंने कहा कि यहां से पार्टी का प्रत्याशी निश्चित रूप से चुनाव मैदान में उतरेगा। प्रत्याशी का अंतिम निर्णय राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा लिया जाएगा।
नंदगंज चीनी मिल का मुद्दा भी उठाया
क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री ने बंद पड़ी नंदगंज चीनी मिल का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि चीनी मिल को दोबारा चालू कराने के लिए उन्होंने सरकार से अनुरोध किया था, लेकिन सरकारी उदासीनता और बैंक की भारी बकायेदारी के चलते इसे शुरू कराना संभव नहीं हो सका। उन्होंने युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
वहीं, प्रदेश की कानून व्यवस्था और सरकारी कामकाज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “योगी के प्रदेश में सब कुछ चंगा है, लेकिन पास में गंगा है।”

इस मौके पर राष्ट्रीय परिवर्तन दल के प्रदेश अध्यक्ष गगन यादव, बसंत यादव, शिवमूरत, पप्पू यादव, डॉ. राम उग्रह, सरोज, अवधेश, श्याम नारायण, चांदनी, सीताराम, राम आशीष बिंद सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद डीपी यादव का काफिला रघुनाथपुर स्थित महायज्ञ स्थल के लिए रवाना हो गया।
रिपोर्ट – वीर बहादुर मौर्य


















