गाजीपुर। किसानों को आधुनिक बागवानी एवं उद्यानिकी खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार, 12 नवंबर को राजकीय अलंकृत उद्यान, बड़ीबाग गाजीपुर में कृषि विभाग की ओर से कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह ने की। इस दौरान किसानों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से बागवानी और सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई।
गोष्ठी के दौरान एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत सब्जी क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम के लिए 15 हेक्टेयर तथा मसाला क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम के तहत लहसुन की खेती के लिए 75 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत सब्जी क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम में 75 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति/जनजाति कृषकों के लिए संचालित औद्यानिक विकास कार्यक्रम (राज्य सेक्टर) के अंतर्गत सब्जी क्षेत्र विस्तार के लिए 33 हेक्टेयर तथा मसाला क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम में लहसुन की खेती के लिए 3 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सपना सिंह ने गोष्ठी में प्रतिभाग करने वाले किसानों के बीच निःशुल्क शाकभाजी के बीज वितरित किए। इसमें टमाटर, मिर्च, शिमला मिर्च, पत्तागोभी तथा लहसुन के बीज शामिल रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को उद्यानिकी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें लाभान्वित करने की प्रतिबद्धता जताई।


















