गाजीपुर के मिश्र बाजार में दिनदहाड़े गोलीकांड से मचा हड़कंप, स्टेट बैंक के पास युवक को मारी गईं दो गोलियां, हालत गंभीर
गर्दन और पेट में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती; पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मौके की जानकारी लेकर शुरू कराई जांच
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिश्र बाजार में मंगलवार की शाम करीब 5:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेट बैंक के पास एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान मोहम्मद कैसन (28 वर्ष), पुत्र मोहम्मद दाऊद, निवासी मुफ्तीगंज, टाउनहाल के रूप में हुई है। हमलावरों ने युवक को निशाना बनाते हुए दो गोलियां मारीं। इनमें एक गोली गर्दन के बाईं तरफ और दूसरी पेट में लगी। दो गोलियां लगने से युवक की हालत गंभीर हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में कराया भर्ती
गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ने की घायल युवक की पहचान
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने घायल युवक की पहचान मोहम्मद कैसन (28) के रूप में की है। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
शहर के व्यस्त मिश्र बाजार इलाके में हुई इस गोलीबारी की घटना से लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल गोली मारने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


















