गाजीपुर। मुहम्मदाबाद के धारानगर स्थित रामलीला मैदान में जलभराव की समस्या को देखते हुए आगामी रामलीला और दशहरा आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मैदान में जलनिकासी की व्यवस्था के बाद अब जमीन का लेवल ऊंचा करने के लिए मिट्टी भराव कराया जा रहा है।
रामलीला समिति के पदाधिकारियों के अनुसार मैदान का स्तर आसपास की जमीन से काफी नीचे होने के कारण बारिश के दौरान यहां पानी जमा हो जाता है। इससे रामलीला और दशहरा मेले के आयोजन में परेशानी की आशंका बनी हुई थी।
समिति की ओर से समस्या की जानकारी भाजपा नेता पीयूष राय को दिए जाने के बाद उनके स्तर से मैदान में 21 ट्रॉली मिट्टी डलवाने का कार्य कराया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी लाकर मैदान के निचले हिस्सों में भराव किया जा रहा है, ताकि जलभराव की समस्या को कम किया जा सके।
पीयूष राय ने कहा कि रामलीला समिति के लोगों की ओर से मैदान में जलभराव और जमीन का स्तर नीचे होने की समस्या बताई गई थी। इसके बाद जलनिकासी के साथ मिट्टी भराव का कार्य कराया जा रहा है, जिससे आगामी रामलीला और दशहरा मेले के आयोजन में सुविधा हो सके।
मैदान में चल रहे मिट्टी भराव के कार्य से समिति और स्थानीय लोगों को आयोजन के दौरान दर्शकों की आवाजाही तथा अन्य व्यवस्थाओं में सुविधा मिलने की उम्मीद है।



























