गाजीपुर। दीपावली के पावन पर्व पर खुशियों और अपनत्व का संदेश देते हुए अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) सुनील कुमार त्रिवेदी ने लंगड़पुर स्थित वृद्धाश्रम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे करीब 50 महिला एवं पुरुष वृद्धजनों के बीच फल, मिठाई और कंबल वितरित कर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान एडीएम सुनील कुमार त्रिवेदी ने वृद्धजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बुजुर्गों से उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन तथा किसी प्रकार की परेशानी, समस्या अथवा आवश्यकता के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने वृद्धजनों का ढाढ़स बढ़ाते हुए कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी अपनों के साथ खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है। इस अवसर पर फल, मिठाई और कंबल पाकर वृद्धजनों के चेहरों पर प्रसन्नता दिखाई दी।
एडीएम ने सभी वृद्धजनों के सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके जीवन में खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य की मंगलकामना की। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को अपनत्व और सम्मान का एहसास हुआ।


















