गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, गाजीपुर पहुंचकर नवनिर्मित अमृत फार्मेसी, अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन तथा चार नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का फीता काटकर लोकार्पण किया।

इन सुविधाओं के शुरू होने से मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आने वाले गरीब एवं असहाय मरीजों को सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध होने के साथ ही कम खर्च में आधुनिक जांच एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
लोकार्पण के बाद उपमुख्यमंत्री ने अमृत फार्मेसी का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध दवाओं, व्यवस्थाओं एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का निरीक्षण कर उनकी अत्याधुनिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के प्रथम बैच के एमबीबीएस उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं से भी मुलाकात की और उनसे संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा की ओर से संस्थान एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से संबंधित पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इनमें संबद्ध चिकित्सालय में मॉड्यूलर ट्रॉमा सेंटर (एमटीसी) की स्थापना, गोराबाजार स्थित 200 एवं 300 शैय्या वाले चिकित्सालयों को जोड़ने के लिए सीसी रोड एवं संपर्क मार्ग का निर्माण, मुख्य परिसर में एकेडमिक ब्लॉक, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक एवं लेक्चर थिएटर भवन को कवर्ड कॉरिडोर से जोड़ने का निर्माण कार्य, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में आवश्यक अतिरिक्त कक्षों का निर्माण तथा लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर के रूप में संचालित करने से संबंधित कार्य शामिल रहे।
उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने इन प्रस्तावों को शासन स्तर से स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए। इससे मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।
मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि गाजीपुर मेडिकल कॉलेज प्रदेश के नए मेडिकल कॉलेजों की तुलना में अच्छा कार्य कर रहा है और आगे भी इसी तरह निरंतर बेहतर कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश राय, समाजसेवी अभिनव सिन्हा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
























