oplus_0
गाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन दिवसीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक रहे।
बृजेश पाठक को हवाई मार्ग से गाजीपुर के अंधऊ हवाई पट्टी पर पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें वाराणसी से सड़क मार्ग से गाजीपुर आना पड़ा। इसके चलते वह अपने निर्धारित कार्यक्रम से करीब डेढ़ घंटे देर से पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने कार्यक्रम में देरी का कारण लोगों को बताया।
इस स्वास्थ्य शिविर में मुंबई के जसलोक अस्पताल, एम्स-बीएचयू, हेरिटेज सहित कई बड़े चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को निशुल्क चिकित्सा परामर्श दे रहे हैं। मरीजों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही शिविर में सामान्य सर्जरी कराए जाने का भी लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि गाजीपुर का यह स्वास्थ्य शिविर उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य शिविरों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि जिस स्तर के विशेषज्ञ चिकित्सक इस शिविर में पहुंचे हैं, इस तरह की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य शिविरों में इतनी बड़ी संख्या में उपलब्ध नहीं हो पाई हैं।
इस दौरान बृजेश पाठक ने स्वास्थ्य शिविर के अलावा प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों, अखिलेश यादव की रायबरेली पीडीए रथ यात्रा समेत कई अन्य मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने गाजीपुर के पत्रकारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।























