गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के करइल इलाके में मगई नदी के उफान से जलमग्न हुए खेतों और नदी के बहाव में अवरोध की शिकायतों को लेकर भाजपा नेता पीयूष राय ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नदी के बहाव में अवरोध और जाल लगाए जाने की शिकायत सामने आई। पीयूष राय ने उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसील प्रशासन और थाना करीमुद्दीनपुर के अधिकारियों के साथ मौके की स्थिति देखी। उन्होंने उपजिलाधिकारी बलिया सदर और थाना नरही के अधिकारियों से भी फोन पर वार्ता कर नदी के बहाव और जलभराव की समस्या से अवगत कराया।
पीयूष राय ने कहा कि मगई नदी के प्राकृतिक बहाव में किसी भी प्रकार का अवरोध किसानों के लिए गंभीर समस्या पैदा कर सकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने सभी अवरोधों को तत्काल हटाने की कार्रवाई शुरू करने और नदी के बहाव को सुचारू करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कल तक सभी अवरोध हटाकर नदी के बहाव को अवरोधमुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने प्रशासन से जलमग्न खेतों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शशांक राय, मुन्ना राय वकील, रविन्द्र राय सहित तमाम क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।



























