मध्य प्रदेश से हथियार लाकर गाजीपुर में सप्लाई करने की थी तैयारी, तीन आरोपी गिरफ्तार
गाजीपुर। अवैध असलहों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कैथवलिया पुलिया के पास से तीन कथित असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 38 अवैध असलहे और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ अंतरराज्यीय असलहा तस्कर भारी मात्रा में अवैध हथियार लेकर कैथवलिया पुलिया के पास मौजूद हैं और उनकी डिलीवरी की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल के पास तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रत्न विश्वकर्मा, रवि कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 18 पिस्टल .32 बोर, एक पिस्टल .9 एमएम और 19 देशी तमंचे .315 बोर बरामद हुए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने 11 जिंदा कारतूस .32 बोर, दो जिंदा कारतूस .9 एमएम और पांच जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किए। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्र से अवैध हथियार लाकर गाजीपुर में उनकी डिलीवरी की जानी थी। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को 38 अवैध असलहों और 18 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से हथियारों की डिलीवरी के लिए पहुंचे थे, जिन्हें मौके से गिरफ्तार किया गया।



























