Oplus_16908288
गाजीपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा, ददरी घाट के तत्वावधान में श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्री नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद आमघाट पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
इसके पश्चात श्री चित्रगुप्त मंदिर परिसर में विचार गोष्ठी आयोजित हुई। वक्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश का नेतृत्व किया।
सभा के अध्यक्ष आनंद शंकर श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को केवल जयंती के अवसर पर याद करने के बजाय अपने आचरण और सामाजिक जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
सभा के मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि गांधी जी का सत्य एवं अहिंसा का संदेश और शास्त्री जी का सादगीपूर्ण व ईमानदार जीवन सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों ने सदैव देशहित को सर्वोपरि रखा। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य काशी प्रसाद श्रीवास्तव, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, शिव शंकर सिन्हा, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, सुनील दत्त श्रीवास्तव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अरुण कुमार, विभोर कुमार, प्रवीण श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, श्री प्रकाश श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, अमर राठौर, केशव श्रीवास्तव, अमर श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश, पीयूष श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



























