गाजीपुर, 19 मई 2026 प्रदेश सरकार द्वारा शहरी निकायों के समग्र विकास के उद्देश्य से लागू की जा रही नवयुग पालिका योजना के क्रियान्वयन को लेकर जनपद गाजीपुर में परियोजना चयन समिति का गठन कर दिया गया है। इस संबंध में अनुपम शुक्ला, जिलाधिकारी गाजीपुर द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन नगर विकास अनुभाग-9, लखनऊ के पत्र संख्या 399/नौ-9-2026/01न० यु०पा०/2026-ई-1969291 दिनांक 24 मार्च 2026 के तहत प्रदेश के जनपद मुख्यालय स्थित 58 नगरीय निकायों में “नवयुग पालिका योजना” के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस योजना के अंतर्गत नगर निकायों में ऑनलाइन नागरिक सेवाओं का विस्तार, डिजिटल गवर्नेंस की आधारभूत संरचना का विकास तथा शहरों के कलात्मक सौंदर्य में सुधार के लिए आधुनिक तकनीकों और नवाचारों का उपयोग करते हुए नगरों का सर्वांगीण विकास किया जाना प्रस्तावित है।
शासनादेश के प्रस्तर-2 के उप प्रस्तर-8 के अनुसार जिला मुख्यालय स्थित शहरों में परियोजनाओं के चयन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाना है। इसी क्रम में गाजीपुर नगर पालिका परिषद के लिए भी परियोजना चयन समिति का गठन किया गया है।
समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला करेंगे। प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय को सदस्य सचिव बनाया गया है, जबकि नगर पालिका परिषद गाजीपुर के अधिशासी अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है। इसके अलावा प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा जनपद के वरिष्ठ कोषाधिकारी/कोषाधिकारी को भी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
समिति में जनप्रतिनिधियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उद्योग व्यापार मंडल के निर्गुण दास केसरी और विजय शंकर वर्मा को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। वहीं सामाजिक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए निशांत सिंह को भी विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त जनपद के डीजीसी (फौजदारी) कृपाशंकर राय को भी समिति में सदस्य बनाया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शासन के निर्देशों के अनुरूप समिति के गठन के बाद योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
“नवयुग पालिका योजना” के माध्यम से गाजीपुर शहर में डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने, नगर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा शहर की सुंदरता और आधुनिक सुविधाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।





















