गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहाव गांव के पास बीती रात जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में दो युवकों को गोली मार दी गई। इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात मोहाव गांव के पास पासीपुरवा में तालाब के समीप कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गोलीबारी शुरू हो गई। फायरिंग में अजय और सुरेंद्र नामक दो युवक गोली लगने से घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अजय की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल सुरेंद्र के हाथ में गोली लगी है। उसका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
इस घटना में जान गंवाने वाला अजय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना में पड़ोसी गांव बकराबाद के ग्राम प्रधान संजय बिंद का नाम आरोपी के रूप में सामने आ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
उधर, अजय की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपी ग्राम प्रधान संजय बिंद के एनकाउंटर की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


















