अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर, 06 मई 2026 जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रही जल जीवन मिशन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह एक खुली बैठक आयोजित की जाए और इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी निर्धारित किया जाए, ताकि लोगों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रतिदिन समीक्षा की जाए तथा जिन लोगों की शिकायतों का समाधान संतोषजनक नहीं है, उनकी सूची बनाकर मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान कराया जाए।
डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों पर नियमित नजर रखते हुए उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित आवेदकों से फीडबैक भी लिया जाए कि समाधान संतोषजनक है या नहीं, ताकि आवश्यकतानुसार पुनः कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी इस मिशन की सफलता की कुंजी है और जनसहभागिता से ही योजनाओं का दीर्घकालिक संचालन संभव हो सकेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अधिशासी अभियंता जल निगम (शहर एवं ग्रामीण) तथा विभिन्न ब्लॉकों के जूनियर इंजीनियर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





















