Oplus_16908288
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपदभर में अधिकारियों की तैनाती, शाम 6 बजे तक बूथों पर पढ़ी जाएगी मतदाता सूची
गाजीपुर। जनपद में मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर बुधवार को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर इस अभियान के तहत जनपद, तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची की जांच करना, उसमें मौजूद कमियों को दूर करना और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करना है।
एडीएम वेद प्रकाश ने बताया कि अभियान के तहत अधिकारियों को पांच-पांच बूथों की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित अधिकारी शाम छह बजे तक निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची को पढ़कर उसका सत्यापन करेंगे। इस दौरान सूची में नाम, विवरण या अन्य किसी प्रकार की कमी मिलने पर उसे ठीक कराने के लिए आवश्यक फॉर्म भरवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। इस अभियान में विशेष रूप से महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, क्योंकि पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिलाओं का पंजीकरण अपेक्षित स्तर से कम है। इसके साथ ही छूटे हुए थर्ड जेंडर मतदाताओं को भी मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
एडीएम के अनुसार, वर्तमान में जनपद की मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के पंजीकरण का अनुपात लगभग 58 प्रतिशत है, जबकि इसे करीब 61 प्रतिशत तक होना चाहिए। इस प्रकार लगभग तीन प्रतिशत का अंतर है, जिसे दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शादी के बाद दूसरे स्थान पर आने वाली कई महिलाओं का नाम नई जगह की मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाता है। ऐसे मामलों में पात्र महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदाता सूची अधिक से अधिक शुद्ध और अद्यतन हो, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारियों को बूथ स्तर पर सूची की जांच करने और छूटे हुए मतदाताओं का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।


















