डीएम अनुपम शुक्ल ने सेल्फी प्वाइंट से किया शुभारंभ, 21 मई तक एक लाख लोगों की गणना का लक्ष्य
अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर। जनपद में बहुप्रतीक्षित जनगणना 2026-27 के प्रथम चरण की शुरुआत बुधवार को हो गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। यह देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से डेटा एकत्र किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि पहले चरण में भवन सूचीकरण एवं हाउस लिस्टिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए जनपद में लगभग साढ़े सात हजार सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने 7 मई से 21 मई तक करीब एक लाख लोगों की गणना का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने कहा कि इस डिजिटल जनगणना में पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता को प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिक मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए स्वयं भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
डीएम ने जानकारी दी कि 22 मई से 20 जून 2026 तक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और संपत्तियों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में प्रस्तावित है, जिसमें मुख्य जनसंख्या तथा जाति आधारित आंकड़े संकलित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करें।





















