जनपद में आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने रविवार को परीक्षा केन्द्र लुर्दस बालिका इंटर कॉलेज, गाजीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा जारी सभी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति की स्थिति में तत्काल पुलिस बल का सहयोग लिया जाए।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में कुल 4512 परीक्षार्थियों में से 1196 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 4513 परीक्षार्थियों में से 1240 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 9025 परीक्षार्थियों में से 2436 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
इस दौरान जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार भी उपस्थित रहे।





















