अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर। होटल व्यवसायी के पुत्र विनीत राय हत्याकांड को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार को गाजीपुर पहुंचे। उन्होंने मृतक विनीत राय के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना की जानकारी ली।
मीडिया से बातचीत के दौरान अजय राय ने कहा कि गाजीपुर की घटना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस गैंग पर हत्या का आरोप है, वह लंबे समय से क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहा है। होटल में तोड़फोड़ और मारपीट जैसी घटनाओं की शिकायतें पहले भी हुई थीं, लेकिन पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गाजीपुर से लेकर गाजियाबाद, वाराणसी और जौनपुर तक लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

अजय राय ने गाजीपुर के चर्चित सियाराम उपाध्याय प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उस मामले में भी दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार को कानून व्यवस्था संभालने में नाकामी की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
शेष आरोपियों के एनकाउंटर संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए एनकाउंटर का सहारा ले रही है। उनका कहना था कि यदि समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई होती और पीड़ित परिवार की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता, तो विनीत राय की हत्या रोकी जा सकती थी।
कमलेश बिंद एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों और जांच की मांग पर अजय राय ने कहा कि अलग-अलग लोगों की अपनी राय हो सकती है, लेकिन सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि अब चाहे कितने भी एनकाउंटर हो जाएं, विनीत राय वापस नहीं लौट सकता। सरकार को पहले अपराध रोकने और नागरिकों को सुरक्षा देने पर ध्यान देना चाहिए था।






















