अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में नाबालिग बेटी की मौत का मामला इन दिनों प्रदेश की राजनीति का केंद्र बना हुआ है। इस घटना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और जमानियां विधायक ओम प्रकाश सिंह सोमवार को गाजीपुर जिला कारागार पहुंचे और कटरिया घटना के बाद दर्ज मुकदमे में जेल भेजे गए लोगों से मुलाकात की।
जेल में बंद सत्या यादव सहित 17 बंदियों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कटरिया की घटना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर वह जेल जाकर बंदियों से मिले हैं।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि करंडा थाने की कार्रवाई पूरी तरह अन्यायपूर्ण है और इस पूरे मामले की जड़ में करंडा थाना अध्यक्ष की भूमिका है। उन्होंने कहा कि अगर घटना गलत थी तो सरकार ने पीड़ित परिवार को मुआवजा क्यों दिया, और अगर घटना सही थी तो अब तक थाना प्रभारी पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने इसे प्रशासन की गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली बताया।
ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि जिन लोगों को जेल भेजा गया है वे अपराधी नहीं हैं बल्कि स्थानीय लोग और कार्यकर्ता हैं। उनके अनुसार पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब न्याय नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार के समर्थन में आवाज उठाई और उसी का परिणाम है कि आज उस गरीब परिवार को न्याय मिला है।
उन्होंने मांग की कि करंडा थाना अध्यक्ष को तत्काल लाइन हाजिर किया जाए और उसके बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पूर्व मंत्री ने यह भी बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संभावित गाजीपुर आगमन को लेकर अभी तक प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है और इसी मकसद से समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पहले भी गांव गया था।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के कटरिया गांव पहुंचने के दौरान पथराव की घटना हुई थी। इसके बाद पुलिस ने 47 लोगों के खिलाफ नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें अब तक 17 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। घटना के बाद से ही यह मामला प्रदेश की राजनीति में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है





















