बिहार। जनता दल (यूनाइटेड) के उत्तर प्रदेश प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं युवा नेता माननीय निशांत जी से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच सहयोग, विकास और उत्तर प्रदेश में विकास की नई धारा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भी विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात के दौरान विनीत कुमार तिवारी ने कैमूर जिले के ग्राम अखनी स्थित ऐतिहासिक दादा जहांगीर की दरगाह के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि यह दरगाह हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की अनूठी मिसाल है। यहां प्रत्येक वर्ष 28 मार्च को लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिनमें सभी धर्मों के लोग शामिल होते हैं।
उन्होंने दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंटरलॉकिंग, शेड, बड़े हॉल, शौचालय और हाईमास्ट सोलर लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। साथ ही पर्यटन मंत्रालय अथवा संबंधित विभाग के माध्यम से इस ऐतिहासिक स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
इस दौरान विनीत कुमार तिवारी ने उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल के विकास को लेकर अपनी व्यापक सोच भी साझा की। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की जो धारा आरा और बक्सर तक पहुंची है, उसे उत्तर प्रदेश की धरती पर गाजीपुर से आगे बढ़ाते हुए पूरे पूर्वांचल तक पहुंचाने की आवश्यकता है। बिहार और उत्तर प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। ऐसे में बिहार के विकास के अनुभवों से प्रेरणा लेकर पूर्वांचल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) की विकासोन्मुख सोच और बिहार में हुए विकास कार्यों के अनुभवों को उत्तर प्रदेश की जनता तक पहुंचाने की उनकी इच्छा है। गाजीपुर से लेकर पूरे पूर्वांचल में विकास, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की नई धारा स्थापित करना उनका उद्देश्य है।
विनीत कुमार तिवारी ने मुलाकात के बाद मंत्री निशांत जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उन्होंने समय दिया, वह उनके लिए प्रसन्नता और सम्मान का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से पूर्वांचल के विकास तथा ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल को मजबूती मिलेगी।
विनीत कुमार तिवारी ने कहा कि उनका प्रयास है कि बिहार के विकास का अनुभव उत्तर प्रदेश, खासकर पूर्वांचल के विकास में भी उपयोगी साबित हो और गाजीपुर इस नई विकास यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र बने।




















