Oplus_16908288
गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव के पास पासीपुरवा में हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी बकराबाद ग्राम प्रधान संजय बिंद ने पुलिस एनकाउंटर के भय से मंगलवार को सदर कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे संजय बिंद हाथ में ‘मैं संजय बिंद आत्मसमर्पण कर रहा हूं’ लिखा बैनर लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
आत्मसमर्पण के बाद संजय बिंद ने मीडिया और पुलिस को बताया कि घटना के समय वह जुआ खेल रहा था, जहां उसने करीब डेढ़ लाख रुपये जीते थे। उसके अनुसार, जीत की रकम को लेकर वहां मौजूद लोगों ने उसका पैसा छीनने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और उसने अपनी पिस्टल से गोली चला दी।
मामले में सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि मोहांव गोलीकांड के मुख्य आरोपी संजय बिंद ने सदर कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि बकराबाद ग्राम प्रधान संजय बिंद पहले भी कई आपराधिक मामलों को लेकर चर्चा में रह चुका है। होली के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने तथा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की घटना में भी वह मुख्य आरोपी था। इस मामले में वह जेल में बंद था और कुछ दिन पूर्व ही हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद बाहर आया था।


मोहांव गोलीकांड के मामले में करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस मामले की जांच और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


















