अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर। चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले में नामजद आरोपी एवं 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश कमलेश बिंद रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था इलाके में हुई इस मुठभेड़ के बाद जिले में सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने आरोपी के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, 30 मई की रात शहर के गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के सामने होटल व्यवसायी विनीत राय उर्फ हनी की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद पूरे जिले में आक्रोश व्याप्त हो गया था। व्यापारिक संगठनों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हत्याकांड के खुलासे के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया था।
पुलिस जांच में इस हत्याकांड में कटरा गैंग से जुड़े शंकर पांडेय, जगदीश सिंह यादव, आलोक दुबे और कमलेश बिंद के नाम सामने आए थे। चारों आरोपित घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपितों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान शुरू किया था।
रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कमलेश बिंद कुर्था क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार, खुद को चारों तरफ से घिरा देख कमलेश बिंद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कमलेश बिंद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार एवं अन्य आवश्यक साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि विनीत राय हत्याकांड में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कमलेश बिंद के मारे जाने के बाद भी मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
उल्लेखनीय है कि विनीत राय हत्याकांड ने पूरे जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा छेड़ दी थी। ऐसे में मुख्य आरोपितों में शामिल कमलेश बिंद के मारे जाने को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। हालांकि अब लोगों की निगाहें इस हत्याकांड के शेष फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तथा पूरे षड्यंत्र के पर्दाफाश पर टिकी हुई हैं।





















