अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर, 05 मई 2026।कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को “शिक्षामित्र सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए सैकड़ों शिक्षामित्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और राज्यसभा सांसद संगीता बलवन्त ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से किया, जिसका लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि शिक्षामित्र बेसिक शिक्षा विभाग की रीढ़ हैं और विषम परिस्थितियों में अल्प मानदेय पर भी वे लगातार सेवाएं दे रहे हैं। सरकार उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्णय के तहत प्रदेश के करीब 1.43 लाख शिक्षामित्रों को लाभ मिलेगा और उनका मासिक मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है। जनपद गाजीपुर में 2566 शिक्षामित्रों को अप्रैल 2026 से बढ़ा हुआ मानदेय लागू कर दिया गया है, जिसका भुगतान मई माह से उनके बैंक खातों में किया जाएगा।
राज्यसभा सांसद संगीता बलवन्त ने कहा कि शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे उनकी आजीविका में स्थिरता आएगी और वे अधिक समर्पण के साथ शिक्षण कार्य कर सकेंगे। सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षक-छात्र अनुपात बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिसमें शिक्षामित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह के दौरान परिषदीय विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने वाले शिक्षामित्रों को अंगवस्त्र, प्रतीकात्मक चेक और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने शिक्षा के महत्व पर आधारित लघु नाटिका और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के सुरक्षित भविष्य के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे तनावमुक्त होकर शिक्षण कार्य कर सकेंगे और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार होगा।

इस अवसर पर जखनियां विधायक वेदी राम, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, खंड शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षामित्र मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश प्रताप सिंह ने किया।





















