अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर, 05 मई 2026।जनपद में करोड़ों रुपये के कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े चर्चित मामले में सख्ती बढ़ने के बाद दो आरोपियों ने मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि कुर्की की कार्रवाई की आशंका के चलते दोनों आरोपी कोर्ट पहुंचे और सरेंडर कर दिया।
विशेष लोक अभियोजक (एनडीपीएस) रत्नाकर दुबे ने बताया कि आरोपी राहुल यादव और दयाराम सिंह ने एडीजे प्रथम शक्ति सिंह की अदालत में आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है और उनके खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी थी। इसी कार्रवाई से बचने के लिए दोनों आरोपियों ने न्यायालय में सरेंडर किया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर कोतवाली में दर्ज इस मामले में कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से एक आरोपी शुभम वर्मा को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आज दो आरोपियों के सरेंडर करने के बाद अब तीन आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों के घरों पर कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी गई है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विशेष लोक अभियोजक ने बताया कि यह मामला कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ा है। जांच के दौरान आरोपी इसके लेन-देन का कोई वैध दस्तावेज या हिसाब पेश नहीं कर सके, जिससे यह मामला बड़े स्तर पर नशा कारोबार से जुड़ा पाया गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।





















