मोहम्मदाबाद में मुख्यमंत्री योगी ने 692 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात, विपक्ष और माफिया राज पर साधा निशाना

वीर अब्दुल हमीद और कृष्णानंद राय को किया याद, बोले—प्रदेश में कानून का राज स्थापित, विकास और सुरक्षा बनी नई पहचान
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर जनपद के मोहम्मदाबाद में आयोजित जनसभा के दौरान लगभग 692 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और कानून-व्यवस्था की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी, माफिया राज और विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने गाजीपुर को महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि बताते हुए जिले की सैन्य परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के हजारों जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं और हर युद्ध में यहां के वीरों ने देश का गौरव बढ़ाया है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गहमर गांव और परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनकी वीरता को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि एक समय गाजीपुर की पहचान माफिया और अपराधियों से जोड़ दी गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपराध और माफिया राज के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव के सम्मान में कराए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार महापुरुषों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जहां जनप्रतिनिधि विकास कार्यों के बजाय अन्य गतिविधियों में व्यस्त हों, वहां जनता के विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या का भी उल्लेख करते हुए इसे माफिया मानसिकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है और सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहे हैं। विकास, सुशासन और सुरक्षा आज प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसभा के माध्यम से उन्होंने जहां करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी, वहीं विपक्ष और माफिया राज पर तीखे हमलों के जरिए आगामी राजनीतिक संदेश भी देने का प्रयास किया।





















