अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर। चर्चित विनीत राय हत्याकांड में आरोपी कमलेश बिंद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद मृतक के पिता और होटल व्यवसायी आलोक राय का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार और पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है, लेकिन केवल एक आरोपी के मारे जाने से गैंग का पूरी तरह सफाया नहीं माना जा सकता।
आलोक राय ने कहा कि बीती 29-30 मई की रात उनके पुत्र विनीत राय की हत्या कटरा गैंग के सदस्यों द्वारा कर दी गई थी। इस मामले में चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे गिरोह का सरगना शंकर पांडेय है, जो वर्ष 2020 से गाजीपुर में सक्रिय होकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता रहा है। उसके खिलाफ कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने कहा कि रविवार देर रात पुलिस ने गैंग के सदस्य और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश बिंद को कुर्था क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मार गिराया, जो सराहनीय कार्रवाई है। हालांकि जब तक गैंग के सरगना और अन्य सक्रिय सदस्य गिरफ्तार या ढेर नहीं किए जाते, तब तक उनके परिवार और अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरा बना रहेगा।
आलोक राय ने कहा, “हमें आज भी जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है। जब तक इस गैंग का पूरी तरह सफाया नहीं होगा, तब तक आम लोगों और व्यापारियों में भय का माहौल बना रहेगा।”
उन्होंने कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग सरकार को लाखों रुपये का टैक्स देता है, लेकिन इसके बावजूद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उनका कहना था कि यदि पुलिस पहले से सक्रिय और सतर्क रहती तो शायद इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
सरकार से मांग करते हुए आलोक राय ने कहा कि गैंग से जुड़े अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उन पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई कर गैंग का पूरी तरह खात्मा किया जाए।
कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद अब लोगों की निगाहें कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं। वहीं पुलिस भी हत्याकांड में शामिल शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।





















