Oplus_153223168
गाजीपुर। जनपद में सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सक्रिय आपराधिक गैंगों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार 1 जून से 5 जून 2026 तक चले पांच दिवसीय अभियान में जिले भर में सक्रिय विभिन्न गैंगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार कटरा गैंग, महाकाल गैंग, 315 गैंग, फरसा गैंग समेत कुल 49 आपराधिक गैंगों की पहचान की गई है। इन गैंगों में गैंग लीडरों सहित कुल 401 सदस्य शामिल पाए गए। अभियान के दौरान 39 अभियोग पंजीकृत किए गए तथा 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक ये गैंग कई बाइकों पर एक साथ चलकर लोगों में भय पैदा करते हैं, सोशल मीडिया पर अवैध शस्त्रों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करते हैं, फेसबुक लाइव एवं इंस्टाग्राम रील्स के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों का प्रदर्शन करते हैं तथा स्थानीय विवादों में हस्तक्षेप कर दबंगई करते हैं।
श्रीमान पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत गैंग लीडरों और उनके सदस्यों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे गैंगों और उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाएगी तथा नए गैंगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया सेल, गाजीपुर के अनुसार जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।





















