गाजीपुर, सैदपुर। नगर से बहरियाबाद जाने वाली सड़क पर शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार देवरानी-जेठानी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति और उसकी बेटी घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी प्रतीक गिरि (25) पुत्र कुंदन गिरि अपनी बीमार सास का हालचाल लेने आजमगढ़ गए थे। वहां से लौटते समय उनके साथ पत्नी काजल गिरि (23), दो माह की पुत्री शेजल, एक वर्षीय पुत्री श्रेया तथा भाभी रितु देवी (25) पत्नी पंकज गिरि बाइक पर सवार थीं।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनका परिवार शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे पहुंचा, पीछे से आ रही चिरैयाकोट की ओर से आ रही एक यात्री बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी और चालक वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ गया, जिससे बस ने काजल गिरि और रितु देवी को कुचल दिया। काजल की गोद में मौजूद दो माह की मासूम शेजल भी हादसे की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में प्रतीक गिरि और उनकी एक वर्षीय पुत्री श्रेया घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने कोतवाली के पास बस को रोक लिया। वहीं पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया गया कि मृतका रितु देवी की कोई संतान नहीं थी।
कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। परिजन सैदपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















