श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे युवक, डूबते साथियों का वीडियो वायरल
गाजीपुर, 27 जून। सदर कोतवाली क्षेत्र के पोस्ताघाट गंगा तट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में गंगा स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में गंगा में उतरे तीन अन्य युवकों को स्थानीय लोगों और नाविकों ने समय रहते बचा लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बिरनो थाना क्षेत्र के पालिया गांव की एक वृद्ध महिला का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए गांव के लोग गाजीपुर के पोस्ताघाट श्मशान घाट पहुंचे थे। चिता को मुखाग्नि देने के बाद चार किशोर गंगा में स्नान करने चले गए। इसी दौरान 15 वर्षीय पीयूष गहरे पानी में जाकर डूबने लगा।
पीयूष को बचाने के लिए उसके साथी प्रियांशु, ऋषु और दुर्गा प्रसाद भी गंगा में कूद पड़े। इस दौरान डूब रहे पीयूष ने प्रियांशु को पकड़ लिया, जिससे वह भी डूबने लगा। किसी तरह प्रियांशु ने खुद को छुड़ाया, लेकिन तब तक पीयूष गंगा की तेज धारा में समा गया। वहीं, डूब रहे तीनों युवकों को स्थानीय लोगों और नाविकों ने बांस के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई युवक गंगा में बहते दिखाई दे रहे हैं और एक युवक तैरकर उन्हें बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना के बावजूद मौके पर गोताखोरों की तत्काल व्यवस्था नहीं की गई, जिससे काफी देर तक राहत कार्य प्रभावित रहा। इसे लेकर परिजनों और ग्रामीणों में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।





















