अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के कटारिया गांव में हुए चर्चित कटारिया कांड को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें समाजवादी पार्टी की ओर से 5 लाख रुपये का चेक सौंपा और पार्टी की तरफ से संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से भी पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है। जिला प्रशासन की मौजूदगी में गांव स्थित जिला पंचायत भवन में प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राम आसरे विश्वकर्मा ने बताया कि बातचीत के दौरान पीड़ित परिवार से पूछा गया कि क्या वे अखिलेश यादव से मिलना चाहते हैं। इस पर परिजनों ने उनसे मिलने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल अपनी पूरी रिपोर्ट अखिलेश यादव को सौंपेगा, जिसके बाद वे तय करेंगे कि पीड़ित परिवार से कब मुलाकात करेंगे।
राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि “बात अभी खत्म नहीं हुई है। अगर कल मुलाकात नहीं हो पाती है तो बाद में जरूर होगी, लेकिन अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से जरूर मिलेंगे।”
इस मौके पर उन्होंने प्रशासन और जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब मामला पहले ही सामने आ चुका था, तो चार दिन बाद दो अन्य अभियुक्तों के नाम कैसे सामने आए। यदि उनके नाम सामने आ गए थे तो अब तक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में कई ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब प्रशासन को देना चाहिए।
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक पार्टी उनकी आवाज उठाती रहेगी।





















