गाजीपुर। गाजीपुर के ट्रॉमा सेंटर को वर्तमान लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किए जाने को लेकर पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पत्र सौंपा।
विजय मिश्र ने कहा कि गाजीपुर पूर्वांचल का महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र है। सारनाथ, कुशीनगर एवं कपिलवस्तु जैसे प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों की यात्रा करने वाले बड़ी संख्या में देश-विदेश के तीर्थयात्री गाजीपुर से होकर गुजरते हैं। इसके अलावा गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्गों, फोरलेन मार्गों, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे एवं ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़ा हुआ है, जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर चोट तथा अन्य आकस्मिक इमरजेंसी की स्थिति में मरीजों को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार मिलना बेहद जरूरी है। गाजीपुर में आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ट्रॉमा सेंटर विकसित होने से गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा और उन्हें दूसरे बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी।
लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत होने के बाद ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाएं, न्यूरोसर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन, जनरल सर्जन एवं कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके साथ ही पर्याप्त नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, ICU/क्रिटिकल केयर, ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक चिकित्सा उपकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर ट्रॉमा सेंटर को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जा सकेगा।
विजय मिश्र ने कहा कि गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर के लेवल-2 में उच्चीकृत होने का लाभ केवल गाजीपुर तक सीमित नहीं रहेगा। मऊ, आजमगढ़, बलिया तथा आसपास के अन्य जनपदों के गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को भी समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा। गंभीर मरीजों को वाराणसी, गोरखपुर अथवा अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने के बजाय गाजीपुर में ही आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय को गंभीरता से सुना और तत्काल अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। विजय मिश्र ने गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर के सुदृढ़ीकरण एवं बेहतर संचालन की दिशा में तत्काल संज्ञान लेने के लिए उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।























