गाजीपुर, 25 जून 2026। चर्चित विनीत राय हत्याकांड में कोतवाली पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हत्या के षड्यंत्र से जुड़े मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शंकर पाण्डेय के पिता रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को अष्टभुजी कॉलोनी, गोड़ा शहरी निवासी विनीत राय की हत्या के संबंध में थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 0365/2026 धारा 103(1), 191(2), 3(5) एवं 61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान हत्या के षड्यंत्र में रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय की संलिप्तता प्रकाश में आई।
अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को गाजीपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर से रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय (56) निवासी गौसाबाद, थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त मुख्य आरोपी शंकर पाण्डेय का पिता बताया जा रहा है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, रविशंकर पाण्डेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पश्चिम बंगाल की दमदम जेल में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 15 वर्ष की सजा काट चुका है और जनवरी 2024 में रिहा हुआ था।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















