oplus_0
गाजीपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 251 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 58 लाख रुपये से अधिक कीमत के फोन मालिकों को लौटाए
गाजीपुर पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में 251 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 58 लाख 23 हजार 200 रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन 5 नवंबर को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने गाजीपुर पुलिस का आभार जताया।

गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए गाजीपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में स्वाट टीम और सर्विलांस सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 251 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 58 लाख 23 हजार 200 रुपये है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत 5 नवंबर को सभी मोबाइल फोन उनके आवेदकों को सुपुर्द किए गए।
खास बात यह रही कि धनतेरस और दीपावली के त्योहार से ठीक पहले लोगों को उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस अधीक्षक और सर्विलांस सेल की टीम की सराहना की।

गाजीपुर पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक स्वाट और सर्विलांस सेल की टीम कुल 859 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 99 लाख 28 हजार 800 रुपये बताई गई है।
इस पूरी कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान समेत सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।


















