अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर, 28 अप्रैल। जनपद के करंडा थाना क्षेत्र स्थित कटारिया गांव में किशोरी की मौत के मामले को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सदर विधायक जयकिशन साहू के साथ पुलिस अभिरक्षा में उनके आवास से कटारिया गांव के लिए रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने से पहले वह गाजीपुर पुलिस लाइन पहुंचा, जहां पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक के बाद प्रशासन की निगरानी में सभी सदस्य कटारिया गांव के लिए रवाना हुए।
समाजवादी पार्टी के इस प्रतिनिधिमंडल में सदर विधायक जयकिशन साहू, पूर्व मंत्री राम आश्रय विश्वकर्मा, राष्ट्रीय समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर तथा समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव रीता विश्वकर्मा शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देना और आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे पूर्व मंत्री राम आश्रय विश्वकर्मा ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर वे सभी कटारिया गांव जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा जाएगा और परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया जाएगा।
इस दौरान पूरे कटारिया गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम को पुलिस और मजिस्ट्रेट की कड़ी निगरानी में आयोजित कराया है, ताकि प्रतिनिधिमंडल की यात्रा और पीड़ित परिवार से मुलाकात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
कटारिया कांड को लेकर जिले में पहले से ही तनाव की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में प्रशासन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए है। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने से इस मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने की संभावना जताई जा रही





















