अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर।जनपद के करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में नाबालिग किशोरी की मौत के बाद सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार-प्रसार करने के आरोप में पुलिस ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और पवन शर्मा के नाम से संचालित एक्स (X) हैंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इन हैंडल से लगातार गलत और भ्रामक जानकारी प्रसारित कर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही थी।
गौरतलब है कि कटरिया गांव में नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कुछ राजनीतिक दलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसे दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला बताया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। वहीं पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम में किशोरी की मौत का कारण पानी में डूबने से होना सामने आया था।
इसके बावजूद सोशल मीडिया पर कुछ राजनीतिक दलों और व्यक्तियों द्वारा लगातार इसे दुष्कर्म के बाद हत्या बताकर पोस्ट और टिप्पणियां की जा रही थीं। पुलिस के अनुसार इन पोस्टों के माध्यम से अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए करंडा थाना पुलिस ने जांच के बाद तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें समाजवादी पार्टी के एक एक्स हैंडल, कांग्रेस के एक एक्स हैंडल और पवन शर्मा नाम से संचालित एक एक्स हैंडल को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कटरिया प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी प्रसारित की जा रही थी। जांच के बाद ऐसे तीन एक्स हैंडल चिन्हित किए गए हैं जिनके खिलाफ करंडा थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना को लेकर अपुष्ट या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और अफवाहों से दूर रहें। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





















