oplus_0
गाजीपुर। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में 11 छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के मामले को लेकर सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के पुतले का दहन किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व मरदह ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह ने किया। उनके नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं वाहनों से जिला मुख्यालय पहुंचीं और कथित घटना के विरोध में अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा उठाया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह ने कहा कि महिलाओं के प्रति यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के आरोप गंभीर विषय हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी के विरोध में नारे लगाए और विभिन्न तख्तियों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।



























