आजमगढ़। जिले के तरवां ब्लॉक के गांव ढाखा निवासी सौरभ सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर अपने गांव और जिले का नाम रोशन किया है। सौरभ सिंह की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सौरभ सिंह के पिता आनंद सिंह एक एमएनसी कंपनी में इंपोर्ट ओशन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता प्रीति सिंह शिक्षिका हैं। सौरभ के दादा स्वर्गीय राम राज सिंह थे।
सौरभ सिंह ने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा महाराष्ट्र बोर्ड से पूरी की। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से B.Sc. IT की पढ़ाई पूरी की। शिक्षा के साथ-साथ भारतीय सेना में जाने का उनका सपना लगातार मजबूत होता गया। कड़ी मेहनत और समर्पण के बाद उन्होंने OTA (Officers Training Academy), चेन्नई से प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सौरभ सिंह का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की।
सौरभ सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
सौरभ सिंह की उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि गांव ढाखा तरवां और पूरे आजमगढ़ जिले को गौरवान्वित किया है।























