गाजीपुर। जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था के तहत खंड शिक्षा अधिकारियों को विभिन्न विकासखंडों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार सात खंड शिक्षा अधिकारियों को उनके नवीन पदस्थापन के साथ अतिरिक्त विकासखंडों की जिम्मेदारी भी दी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत सिंह को सैदपुर के साथ करंडा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। नीरज कुमार श्रीवास्तव को बिरनो के साथ मरदह, श्रवण कुमार यादव को मनिहारी के साथ जमानियां तथा राजेश कुमार वैश्य को देवकली के साथ सदर, नगर क्षेत्र एवं मुख्यालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में गौतम प्रसाद को जखनियां के साथ सादात, हेमंत मिश्रा को भदौरा के साथ रेवतीपुर तथा राघवेन्द्र प्रताप सिंह को मुहम्मदाबाद के साथ भांवरकोल विकासखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव को कासिमाबाद तथा अमित कुमार सिंह को बाराचवर में तैनात किया गया है। आदेश में इनके लिए किसी अतिरिक्त विकासखंड का प्रभार निर्धारित नहीं किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को आवंटित विकासखंडों में तत्काल कार्यभार ग्रहण कर विभागीय कार्यों का सुचारु रूप से संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अतिरिक्त प्रभार वाले विकासखंडों के कार्यों के लिए कोई अतिरिक्त वेतन अथवा भत्ता देय नहीं होगा।




















