गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर परिसर में शुक्रवार को महाविद्यालय प्रबंध समिति डिग्री कॉलेज एसोसिएशन, गाजीपुर के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद् डॉ. शशिकांत राय के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। प्रशासनिक भवन के सामने अपराह्न 1:30 बजे आयोजित सभा में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि डॉ. शशिकांत राय का निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद लखनऊ में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनका नहीं रहना अकादमिक जगत में एक बड़ा शून्य छोड़ गया है।
स्वर्गीय डॉ. शशिकांत राय मोहम्मदाबाद तहसील के खरडीहा गांव के निवासी थे। उन्होंने लंबे समय तक स्वामी सहजानंद डिग्री कॉलेज में प्राध्यापक के रूप में सेवाएं दीं और बाद में उसी महाविद्यालय के प्राचार्य भी रहे। उनकी विद्वता, प्रशासनिक दक्षता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को शोक सभा में उपस्थित लोगों ने याद किया।
शाम को उनके आवास पर भी पीजी कॉलेज, गाजीपुर के सचिव, इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अपर महाधिवक्ता अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।





















