गाजीपुर। स्थानीय जवाहर नवोदय विद्यालय का 40 वां स्थापना दिवस बुधवार को धूमधाम व उत्साहपूर्वक मनाया गया।
मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रथम बैच के पुरा छात्र व संप्रति डीएवी इंटर कॉलेज में अंग्रेजी के प्राध्यापक जितेंद्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। तत्पश्चात छात्र व छात्राओं ने स्वरचित कविताओं का पाठ किया तथा जवाहर नवोदय से संबंधित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ।
छात्र व छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना 1986 में महाराष्ट्र के अमरावती और हरियाणा के झज्जर में हुई थी। इसकी परिकल्पना तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में 1985- 86 के दौरान की गई थी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को अच्छी और मुफ्त आवासीय शिक्षा देना है। गाजीपुर जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना 1991 में हुई। उस समय से यहां से अध्यनरत बहुत सारे मेधावी छात्र पूरे देश में प्रशासक, वैज्ञानिक, शिक्षक, इंजीनियर ,डॉक्टर और विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय उत्तरोत्तर जिले का अग्रणी विद्यालय बना हुआ है। विद्यालय के विद्वान अध्यापकों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य हरी लाल ने आमंत्रित अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। उक्त मौके सभी शिक्षक व कर्मचारिगण मौजूद रहे।





















