oplus_0

सदर विधायक जय किशन साहू बोले— स्व. केदारनाथ सिंह मेरे गुरु थे, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा

गाजीपुर। स्वामी सहजानंद जूनियर हाई स्कूल, जलालाबाद के प्रबंधक रहे स्वर्गीय केदारनाथ सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि सोमवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सुबह से ही धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसके बाद विधिवत आरती संपन्न हुई। श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुकों एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कराया गया।

सदर विधायक जय किशन साहू ने स्वर्गीय केदारनाथ सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह उन्हें अपना गुरु मानते हैं और स्वयं इसी विद्यालय के छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज यदि उन्हें जनता की सेवा करने का अवसर मिला है तो उसमें स्व. केदारनाथ सिंह जैसे शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। विधायक ने कहा कि स्व. केदारनाथ सिंह ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में अपना अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने पूरे जलालाबाद क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने का कार्य किया और कृषि क्षेत्र में भी उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उनके आदर्श और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

कार्यक्रम में एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु, ब्लॉक प्रमुख अरुण सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख छोटू यादव, पूर्व विधायक विजय कुमार, भाजपा नेता अनिल पांडे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामवृक्ष यादव, पूर्व ग्राम प्रधान रविंद्र राय, जलालाबाद ग्राम प्रधान हरिशंकर चौहान, प्रधानाध्यापक जगदीश यादव, पूर्व प्राचार्य नागेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक तेज प्रताप सिंह, डॉ राजेश सिंह,चंद्रशेखर सिंह, नंदू मद्धेशिया, मधुसूदन गुप्ता, राणा प्रताप सिंह, विपिन सिंह, अभिराज सिंह,ओंकार पांडेय, आलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग, शिक्षक, छात्र एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर आलोक कुमार सिंह व आशीष सिंह ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय केदारनाथ सिंह के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक माहौल बना रहा।





















