अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर, 13 मई 2026 सर्राफा व्यापारी एवं स्वर्ण कारीगर संघ गाजीपुर के प्रतिनिधियों ने देशहित में स्वर्ण खरीद एक वर्ष तक न करने की अपील के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर सर्राफा कारोबारियों और कारीगरों के लिए राहत पैकेज तथा वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वे राष्ट्रहित में की गई अपील का सम्मान करते हैं, लेकिन इस निर्णय के दूरगामी आर्थिक प्रभाव से सर्राफा उद्योग से जुड़े लाखों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। व्यापारियों के अनुसार पिछले एक वर्ष से सोना-चांदी के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं, जिसके कारण पहले ही ग्राहकी में 40 से 50 प्रतिशत तक गिरावट आ चुकी है।
ज्ञापन में बताया गया कि सर्राफा कारोबार से जुड़े स्वर्ण कारीगर, डिजाइनर, पॉलिश करने वाले और मिस्त्री जैसे दैनिक मजदूरी पर निर्भर कारीगरों के पास पहले ही काम की कमी है। यदि एक वर्ष तक स्वर्ण खरीद बंद रहती है तो इन कारीगरों के सामने जीविकोपार्जन का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। साथ ही छोटे दुकानदारों का पूंजी निवेश भी ठप हो जाएगा, जबकि दुकान का किराया, बिजली बिल, कर्मचारियों का वेतन और बैंक की ईएमआई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि गाजीपुर जैसे छोटे शहरों में सर्राफा कारोबार मुख्य रूप से शादी-विवाह और त्योहारों के मौसम में ही चलता है। ऐसे में एक वर्ष तक कारोबार ठप रहने से सैकड़ों परिवार आर्थिक रूप से प्रभावित हो सकते हैं।
संघ ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि सर्राफा कारीगरों के लिए एमएसएमई के तहत कम ब्याज दर पर “स्वर्ण कारीगर ऋण योजना” शुरू की जाए, ताकि उन्हें वैकल्पिक रोजगार और कौशल विकास का अवसर मिल सके। इसके अलावा एक वर्ष तक दुकान किराया, बिजली बिल और बैंक ब्याज पर 50 प्रतिशत सब्सिडी अथवा कम से कम छह माह का मोरेटोरियम दिया जाए। साथ ही जीएसटी रिटर्न में सर्राफा कारोबार के लिए न्यूनतम टर्नओवर सीमा बढ़ाने या एक वर्ष तक शुल्क में छूट देने की भी मांग की गई है।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वे पूरी तरह राष्ट्रहित में सरकार के साथ हैं और यदि सरकार वैकल्पिक आजीविका की व्यवस्था करती है तो वे स्वेच्छा से एक वर्ष तक स्वर्ण खरीद बंद करने में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर सर्राफा व्यापारी एवं स्वर्ण कारीगर संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा, विनय कुमार वर्मा सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।





















