अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर, 10 मई 2026 माफिया सरगना मुख्तार अंसारी की पत्नी और आईएस-191 गैंग की सहयोगी आफ़सा की तलाश में गाजीपुर पुलिस ने रविवार को गाजीपुर और मऊ जनपद में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने अफ्शा अंसारी के संभावित ठिकानों समेत कुल सात स्थानों पर दबिश देकर उनकी तलाश की, हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस के अनुसार अफ्शा अंसारी पर गाजीपुर और मऊ दोनों जनपदों से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह लंबे समय से फरार चल रही हैं। उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक इरज राजा ने बताया कि फरार चल रही अफ्शा अंसारी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को गाजीपुर और मऊ में सात संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान आईएस-191 गैंग से जुड़े कुछ सहयोगियों के घरों पर भी पुलिस ने दबिश दी और उनसे पूछताछ की।

एसपी ने बताया कि जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें मंसूर अंसारी, मऊ के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी, गौस मोइनुद्दीन, लालजी यादव, अरविंद सिंह, उमेश सिंह और श्यामलाल सोनकर के आवास शामिल हैं। पुलिस इन स्थानों से मिली जानकारियों को खंगाल रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अफ्शा अंसारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और उनके संभावित ठिकानों पर आगे भी छापेमारी जारी रहेगी। साथ ही गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की निगरानी की जा रही है। आने वाले समय में उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही अफ्शा अंसारी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





















