अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर, 9 मई 2026। जनपद गाजीपुर में शनिवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद गौ माता को राज्य माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चल रहे अपने 81 दिवसीय प्रदेशव्यापी दौरे के तहत पहुंचे। इस दौरान उनके अनुयायियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य गौ माता की रक्षा के प्रति समाज और मतदाताओं को जागरूक करना है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि आज पूरा देश गौ माता की रक्षा की उम्मीद रखता है, लेकिन आजादी के 78 वर्षों बाद भी गायों की हत्या हो रही है और उन्हें काटकर बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से अनुरोध किया जा रहा है कि यदि वे हिंदू समाज का वोट चाहते हैं तो गौ माता की रक्षा का स्पष्ट वचन दें और गाय को पशु की श्रेणी से हटाकर माता के रूप में दर्जा देने की व्यवस्था करें।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को कभी पशु के रूप में नहीं देखा गया। यह व्यवस्था अंग्रेजों के शासनकाल में लागू हुई थी। अंग्रेजों द्वारा लागू की गई इस व्यवस्था को आजादी के बाद भी जारी रखना उचित नहीं है, इसलिए इसमें सुधार की आवश्यकता है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि वहां सनातन की सरकार है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। चुनाव के दौरान जब पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि क्या उन्हें गौ हत्या करने वालों का वोट चाहिए, तो उन्होंने कहा था कि क्यों नहीं चाहिए। ऐसे में यदि किसी नेता को गौ हत्यारों का वोट चाहिए, तो उससे सनातन संस्कार की उम्मीद नहीं की जा सकती।
तमिलनाडु की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कोई सरकार जनता के वोट से बनती है तो उसे अस्थिर करने का प्रयास नहीं होना चाहिए। चलती सरकारों को तोड़कर नई सरकार बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और यह आम मतदाता का अपमान है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ही निकाली जा रही है, क्योंकि असली राजनीतिक शक्ति मतदाता के पास ही होती है। जब मतदाता किसी को वोट देता है तभी वह नेता बनता है। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता गौ हत्या का समर्थन करने वालों को वोट देंगे तो यह भी पाप का भागीदार बनने जैसा होगा। वहीं यदि गौ रक्षा करने वालों को वोट दिया जाएगा तो यह पुण्य का कार्य होगा।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि हिंदू मतदाताओं से अपील की जा रही है कि वे गौ हत्या का पाप अपने ऊपर न लें और गौ रक्षकों को वोट दें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चुनावों में गौ रक्षा का मुद्दा प्रमुख रहेगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक मौजूद रहे।






















