oplus_0
अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर। तुलसीपुर स्थित महाराणा प्रताप भवन में महाराणा प्रताप क्षत्रिय समाज सेवा न्यास द्वारा महाराणा प्रताप जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पूर्वांचल सहित कई जनपदों से आए लगभग 300 लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पटना से आए डॉ. रामजी सिंह ने कहा कि हल्दीघाटी की मिट्टी से प्रेरणा लेकर ही समाज की सुरक्षा और एकता को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से हल्दीघाटी का युद्ध से प्रेरणा लेकर महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
मंचासीन अतिथियों में पूर्व महासचिव राम पूजन सिंह एडवोकेट ने कहा कि संस्था की गतिविधियों को पूर्वांचल से आगे अन्य क्षेत्रों तक विस्तार देने की आवश्यकता है। संयोजक व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रनाथ सिंह ने कहा कि संगठन मजबूती से कार्य कर रहा है और सभी सदस्यों को मिलकर इसकी गतिविधियों को आगे बढ़ाना चाहिए।
बिहार से आए क्षत्रिय नेता कमलेश्वर सिंह ने कहा कि पहले क्षत्रिय समाज के युवा समाज की रक्षा के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर देते थे। आज के युवाओं को भी कुरीतियों को छोड़कर समाज के उत्थान के लिए आगे आना होगा।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर हरीकेश सिंह, विजिटर, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय सासाराम, ने कहा कि आध्यात्मिकता के माध्यम से समाज को संगठित कर मानसिक विकृतियों को दूर किया जा सकता है और समाज में नई ऊर्जा लाई जा सकती है।
इस अवसर पर कर्मवीर सत्यदेव सिंह पुस्तकालय एवं वाचनालय का उद्घाटन सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस की मुख्य संरक्षक सावित्री सिंह ने फीता काटकर किया। पुस्तकालय के लिए अलमारियां और पुस्तकें सत्यदेव ग्रुप द्वारा प्रदान की गईं। पुस्तकालय की जिम्मेदारी संस्था के कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह को सौंपी गई है।
कार्यक्रम के दौरान सत्यदेव ग्रुप के चेयरमैन परीक्षित सिंह ने भवन में वैवाहिक समारोह आदि के लिए दो कमरों के निर्माण हेतु 1 लाख एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
अंत में संस्था के अध्यक्ष कोलकाता से आए जय प्रकाश सिंह, चेयरमैन सिल्वन प्लाई, ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की दिशा और दशा बदलने के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के महासचिव डॉ. डी.पी. सिंह ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत आजीवन सदस्य डॉ. मृत्युंजय सिंह ने किया।





















