अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर, 02 मई 2026।मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर अब आम आदमी की रसोई और बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। सरकार द्वारा 1 मई से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में करीब 993 रुपये तक की बढ़ोतरी किए जाने के बाद होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। बढ़ी हुई कीमतों का असर अब सीधे तौर पर ग्राहकों की जेब पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

गाजीपुर के एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट के संचालक ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में अचानक हुई भारी बढ़ोतरी से होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की कमर टूट गई है। उनका कहना है कि पहले से ही कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत बनी हुई थी और अब कीमतों में बेतहाशा इजाफा होने से परेशानी और बढ़ गई है।
रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार, पहले से ही ग्राहकों की संख्या में कमी देखने को मिल रही है। ऐसे में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से मजबूरन खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं। इसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ेगा और महंगाई के कारण लोग रेस्टोरेंट में खाना खाने से बच सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बढ़ती महंगाई के चलते स्टाफ की सैलरी देना भी धीरे-धीरे मुश्किल होता जा रहा है।

वहीं रेस्टोरेंट में खाना खाने आए कुछ ग्राहकों ने कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने का असर सीधे आम लोगों पर पड़ेगा। यदि होटल और रेस्टोरेंट में खाने की कीमतें बढ़ेंगी तो आम ग्राहकों को अपनी जेब और ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी।
फिलहाल कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी ने होटल-रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ-साथ आम ग्राहकों की चिंता भी बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में इसका असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर साफ तौर पर दिखाई दे सकता है।





















