अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर। जनपद के गहमर क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने आए नोएडा के एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार नोएडा निवासी यतिन शर्मा (20) अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने गाजीपुर के गहमर आया हुआ था। बुधवार को वह गहमर स्थित नरवा घाट पर दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी में नहाते हुए सेल्फी लेने लगा। बताया जा रहा है कि सेल्फी लेते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह नदी में लापता हो चुका था। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और युवक की तलाश शुरू की गई।
काफी देर की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद शादी वाले घर में खुशियों का माहौल गम में बदल गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





















