गाजीपुर।कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव के पास रविवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
मृतक की पहचान बेलसड़ी गांव निवासी दीपक राजभर (22), पुत्र राम अवतार राजभर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने दीपक को फोन कर बेलसड़ी बाजार बुलाया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब 4 बजे दीपक को एक बाइक सवार युवक के साथ देखा गया, जिसने अपना चेहरा ढक रखा था।
बताया जा रहा है कि दोनों सिंगेरा चट्टी से अंडा व अन्य सामान खरीदने के बाद गेहूंदी मार्ग पर लगभग 200 मीटर अंदर एक सुनसान रास्ते पर पहुंचे, जहां बदमाशों ने दीपक के सिर और सीने में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना शाम 5:36 बजे पीआरबी पुलिस को मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
चर्चा है कि मृतक का संबंध हाल ही में संपन्न जिला पंचायत चुनाव से था और उसने आदित्य राजभर की ‘वैभव सेना’ पार्टी के प्रचार बैनर भी लगवाए थे। पुलिस इस राजनीतिक पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर मौके पर पहुंचे। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है।




















