गाजीपुर।साहित्य चेतना समाज, गाजीपुर की बैठक संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ के स्वामी विवेकानन्द कॉलोनी स्थित आवास पर संपन्न हुई। बैठक में आगामी 2 नवम्बर (रविवार) को नगर के वंशीबाजार स्थित रघुवंशी पैलेस में आयोजित होने वाले संस्था के 40वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि अफीम एवं क्षारोद कारखाना, गाजीपुर के महाप्रबंधक दौलत कुमार (आई.आर.एस.) तथा भारत डायलॉग्स, नई दिल्ली के संस्थापक विवेक सत्य मित्रम् होंगे। इस अवसर पर आजमगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकार जगदीश बरनवाल ‘कुंद’ को इस वर्ष के ‘चेतना सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य कवि-सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न अंचलों से नामचीन कवि अपनी रचनाओं से समां बांधेंगे। इनमें डाॅ. शशि प्रेमदेव (बलिया), मासूम राशदी (बेगूसराय), डाॅ. नवचन्द्र तिवारी (बलिया), डाॅ. ईश्वर चन्द्र त्रिपाठी (आजमगढ़), सुश्री विदुषी सहाना (चंदौली), सुश्री पूजा प्रियंवदा (नई दिल्ली), रूद्र नाथ त्रिपाठी ‘पुंज’ (देवरिया), श्रीमती रीना तिवारी (चंदौली), श्वेतांक सिंह (बलिया) एवं कृष्णा मिश्रा (बलिया) शामिल हैं। कवि-सम्मेलन का संचालन डाॅ. नागेश शाण्डिल्य (वाराणसी) करेंगे।
बैठक में संजीव गुप्त, शशिकांत राय, राजीव मिश्र, आनन्द प्रकाश अग्रवाल, हीरा राम गुप्त, अमरनाथ तिवारी ‘अमर’, राघवेन्द्र ओझा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष डाॅ. रविनन्दन वर्मा ने की तथा संचालन संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।













