Oplus_153223168
गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र में 24 दिसंबर 2025 को हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को गहमर पट्टी खेलू राय स्थित तालाब के पास विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित सिंह की बांका व अन्य धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों में भय व्याप्त हो गया था, दुकानें और स्कूल-कॉलेज प्रभावित हुए थे तथा पीड़ित परिवार लगातार सुरक्षा की मांग कर रहे थे।
घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी ओम सिंह को 27 दिसंबर 2025 तथा अरविंद सिंह उर्फ भदाकू और अमन सिंह को 1 जनवरी 2026 को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य आरोपियों को भी नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, जबकि लखन उर्फ विकास सिंह और अमित सिंह ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
पुलिस ने बताया कि घटना से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई थी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पुलिस और पीएसी बल की तैनाती की गई तथा लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए व्यापक पुलिस गश्त की गई।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए 15 जून 2026 को लखन उर्फ विकास सिंह के विरुद्ध तथा 29 जून 2026 को अरविंद सिंह उर्फ भदाकू और अमन सिंह के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से की गई है।





















